धमतरी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (भा.पु.से.) लगातार थाना एवं चौकी स्तर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी का विस्तृत निरीक्षण कर पुलिसिंग की गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना एवं चौकी परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, बैरक, आगंतुक कक्ष, शस्त्रागार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित, अद्यतन एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी भावना पांडेय ने सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems), कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट नेटवर्क तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध और त्रुटिरहित डाटा एंट्री, अभिलेखों का नियमित अद्यतन तथा डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना प्रत्येक पुलिस अधिकारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, नियमित गश्त, बीट प्रणाली को सक्रिय रखना, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़, अपराधियों पर सतत निगरानी तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही एसपी ने विजुअल पुलिसिंग को भी प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी के शासकीय आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों की स्वच्छता, रखरखाव, मूलभूत सुविधाओं एवं परिसर की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा अनुशासन, समयबद्ध कार्य निष्पादन, संवेदनशील व्यवहार, पारदर्शिता, जनसुनवाई में तत्परता और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक प्रमोद अमलतास, चौकी प्रभारी करेली बड़ी उपनिरीक्षक राधेश्याम बंजारे सहित थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसपी भावना पांडेय ने कहा कि सुदृढ़ आधारभूत व्यवस्थाएं, तकनीकी दक्षता, अनुशासित कार्यशैली, बेसिक पुलिसिंग एवं विजुअल पुलिसिंग ही प्रभावी, संवेदनशील और भरोसेमंद पुलिस व्यवस्था की पहचान है।
