Ad Code

Responsive Advertisement

मानवता की मिसाल बनी धमतरी पुलिस, मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध महिला को सुरक्षित पहुंचाया राज्य मानसिक चिकित्सालय


 

धमतरी। धमतरी पुलिस एक बार फिर कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं बेसहारा वृद्ध महिला की मदद के लिए आगे आई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में चौकी बिरेझर पुलिस और डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार 16 जुलाई 2026 की रात ग्राम चिवरी में एक वृद्ध महिला मानसिक रूप से विचलित अवस्था में भटकती हुई मिली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल-112 को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित चौकी बिरेझर लेकर आई।

पुलिस ने महिला से उसका नाम-पता जानने का प्रयास किया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कोई जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद महिला को जिला चिकित्सालय धमतरी ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों ने बेहतर मानसिक उपचार के लिए उसे उच्च स्तरीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान भेजने की सलाह दी।

आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए चौकी बिरेझर पुलिस ने माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। चिकित्सकीय रिपोर्ट एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने महिला को राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कर उपचार कराने के आदेश जारी किए।

न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए चौकी बिरेझर में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक ईशु कुमार साहू एवं महिला आरक्षक ललेश्वरी गावड़े के संरक्षण में महिला को सुरक्षित रूप से सेंदरी स्थित राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार शुरू हो गया है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई बेसहारा, मानसिक रूप से अस्वस्थ, वृद्ध अथवा जरूरतमंद व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को दें। आपकी एक सूचना किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद और सुरक्षित भविष्य का कारण बन सकती है।

Ad Code

Responsive Advertisement