Ad Code

Responsive Advertisement

सिंगपुर से आत्मनिर्भर गांव की शुरुआत: एनआरएलएम के तहत आजीविका सेवा केंद्र, नर्सरी और गोट ब्रीडिंग यूनिट का शुभारंभ


 900 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ, महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेगा स्वरोजगार का नया अवसर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती।

मगरलोड। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में विकासखंड मगरलोड के ग्राम सिंगपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत एकीकृत कृषि संकुल (आईएफएससी) परियोजना के अंतर्गत आजीविका सेवा केंद्र, कम्युनिटी नर्सरी यूनिट एवं गोट ब्रीडिंग यूनिट का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के जनपद सदस्य गजेंद्र कँवर ने किया।


इस परियोजना से लगभग 900 किसानों को कृषि, उद्यानिकी, बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं मशरूम उत्पादन जैसी आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।


स्थापित आजीविका सेवा केंद्र किसानों के लिए एक सर्व-सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां सब्जी बीज, टपक सिंचाई उपकरण, मल्चिंग शीट, कृषि उपकरण, चूजे, मुर्गी दाना, पशु औषधियां, जैविक खाद, जैविक कीटनाशक तथा मशरूम स्पॉन जैसी आवश्यक सामग्री बाजार से कम कीमत पर उपलब्ध होगी। साथ ही किसानों को उनके उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की सुविधा भी मिलेगी।


परियोजना के तहत स्थापित चिक्स ब्रूडिंग सेंटर में नवजात चूजों का 28 दिनों तक वैज्ञानिक पद्धति से पालन-पोषण एवं टीकाकरण किया जाएगा। कम्युनिटी नर्सरी यूनिट में स्थानीय मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार किए जाएंगे, जबकि गोट ब्रीडिंग यूनिट में उन्नत नस्ल की बकरियों के वैज्ञानिक प्रजनन की व्यवस्था की गई है, जिन्हें आगे किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।


मशरूम उत्पादन के लिए स्थानीय स्तर पर स्पॉन तैयार किए जाएंगे तथा संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की समुचित व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। परियोजना के सफल संचालन में प्रदान संस्था (एनजीओ) का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।


इस अवसर पर जनपद सदस्य गजेंद्र कँवर ने कहा कि यह पहल खेती, पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों को एकीकृत कर किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने में मील का पत्थर साबित होगी।


कार्यक्रम में सिंगपुर के सरपंच लोमेश्वर साहू, पशुधन विकास विभाग मगरलोड के डॉ. भुजेंद्र सोनी, प्रमोद ठाकुर, नकछेड़ा राम कश्यप, विकासखंड परियोजना प्रबंधक कमल कुजूर, आईएफएससी एंकर दीपक कुमार, ताम्रध्वज साहू, गुलचंद साहू सहित विभागीय अधिकारी, क्लस्टर पदाधिकारी, पीआरपी, लेखापाल, सीनियर सीआरपी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।

Ad Code

Responsive Advertisement