Ad Code

Responsive Advertisement

चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, तीन आरोपी एवं एक विधि से संघर्षरत बालक भी था शामिल




 धमतरी। भखारा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर नगदी और ऑनलाइन रकम लूटने की सनसनीखेज वारदात का धमतरी पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूट की राशि में से 30 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच तूफान वाहन में सवार चार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा 50 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके बाद पीड़ित से क्यूआर कोड के माध्यम से 28,500 रुपये आरोपी के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन, चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूट की राशि में से 30 हजार रुपये बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र साहू (19), नीरज ध्रुवंशी (23) और विनय ध्रुवंशी (24) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी, मारपीट, अवैध हथियार और अन्य संगीन अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Ad Code

Responsive Advertisement