धमतरी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले छह माह (जनवरी से जून) के दौरान रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई करते हुए नशा कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत NDPS एक्ट के 29 प्रकरण दर्ज कर 59 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 980 किलोग्राम गांजा और 72.9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
तस्करी में प्रयुक्त 8 कार, 1 पिकअप और 11 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये है। इस प्रकार मादक पदार्थों एवं वाहनों सहित कुल 5 करोड़ 70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों बोरई, कुन्दई (ओडिशा) एवं विश्रामपुरी ट्राई-जंक्शन में रणनीतिक रूप से चेक पोस्ट स्थापित कर लगातार सघन वाहन जांच एवं निगरानी की जा रही है। स्वयं एसपी सूरज सिंह परिहार भी विभिन्न चेक पोस्टों का निरीक्षण कर अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार गांजा तस्करी के विरुद्ध 23 मामलों में 50 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 980 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है। वहीं 6 मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर 72.9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12.74 लाख रुपये है।
धमतरी पुलिस का दावा है कि वर्ष 2024 और 2025 के प्रथम छह माह की तुलना में 2026 के पहले छह माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत सबसे अधिक और रिकॉर्ड स्तर की कार्रवाई की गई है। इतना ही नहीं, जिले में पहली बार SAFEMA के तहत कार्रवाई करते हुए दो मामलों में लगभग 36 लाख रुपये की संपत्ति राजसात की गई है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन निश्चय" के तहत अब तक चार चरणों में व्यापक अभियान चलाकर अवैध गांजा और शराब के विरुद्ध कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तारी, वारंट तामील, जिला बदर आरोपियों की धरपकड़ तथा गुंडा-बदमाशों की परेड आयोजित कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त चेतावनी दी गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
