Ad Code

Responsive Advertisement

Breking news :- घर में गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार


 

जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के घर पर दबिश देकर 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा, बिक्री से प्राप्त नकदी तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 49,650 रुपये आंका गया है।


पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना सिहावा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रही है।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में महिला के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गांजा रखने एवं बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।


कार्रवाई के दौरान गांजा बिक्री से प्राप्त 2,650 रुपये नकद तथा एक की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी धनेश्वरी साहू (39 वर्ष), पति कोमल साहू, निवासी ग्राम गिधावा, थाना सिहावा, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन अथवा भंडारण से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Ad Code

Responsive Advertisement