Ad Code

Responsive Advertisement

0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक, जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ

 


गौरव ग्राम खिसोरा में आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव की जीवनरक्षक दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ सरपंच राखी साहू के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, क्योंकि स्वस्थ और पोलियो मुक्त समाज का निर्माण सभी की जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कविता धूप (RHO), उमा बोसीर (आबा), इन्डाणी साहू (अ.जा.), ललिता साहू (मितानिन), ममता पटेल, रुखमी निर्मलकर, चित्ररेखा यादव तथा खोम नर्गनीस सहित स्वास्थ्य अमले एवं सहयोगी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।


स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जिससे बच्चों को जीवनभर के लिए शारीरिक विकलांगता हो सकती है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। इसी उद्देश्य से घर-घर एवं बूथ स्तर पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का अभियान चलाया जा रहा है।


अभियान के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर भी उसे पोलियो की दवा उपलब्ध कराएगी। सभी से अपील की गई कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।


कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाकर क्षेत्र को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाना है। अभियान में ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Ad Code

Responsive Advertisement