घठूला। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल (बीपीएस) घठूला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मैजिक पेंसिल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री उमेश देव, अध्यक्ष सरपंच संघ नगरी तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों द्वारा रिबन काटकर विद्यालय में प्रवेश के साथ हुआ। इसके पश्चात भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं के पालकों ने स्कूल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, वहीं नए पालकों ने शाला परिवार के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई।
मुख्य अतिथि उमेश देव ने अपने उद्बोधन में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से एमडी एवं सह-संचालक भानुप्रताप कुंजाम, प्रधान पाठक दामनी सोनवानी, शिक्षक अजय नेताम सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
