दुर्ग और राजनांदगांव में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले, विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई
गरियाबंद, जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2008 से फरार चल रहे स्थायी वारंटी नौशाद अली पिता मुर्तुजा अली को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पिछले 18 वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर कानून की गिरफ्त से बचता रहा, लेकिन गरियाबंद पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना तंत्र के चलते आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी नागपुर में छिपकर रह रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस की विशेष टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी केवल गरियाबंद जिले का ही नहीं, बल्कि दुर्ग एवं राजनांदगांव जिले के मामलों में भी वांछित है। उसके विरुद्ध इन दोनों जिलों में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से अन्य लंबित मामलों की जांच में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
गरियाबंद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार एवं पुराने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
