Ad Code

Responsive Advertisement

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, मिठाई और निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के साथ हुआ स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां


 

धमतरी:- शासकीय वीर शहीद बलराम सिंह धुव्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भेण्डरी में ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के व्यक्ति का परिवार, समाज और राष्ट्र में समुचित सम्मान संभव नहीं है। शिक्षक ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता होते हैं और शिक्षा के माध्यम से ही जीवन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

अतिथियों ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, मेहनत और निरंतर अध्ययन के साथ-साथ योग एवं स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर विद्यालय में प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे समारोह को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष प्रहलाद धुव्र, शिक्षा अधिकारी मनीष धुव्र, जनपद सदस्य विनीता साहू, ग्राम सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल, पूर्व सरपंच प्रीतराम देवांगन, समिति अध्यक्ष हेमंत साहू, युवा मोर्चा मेघा मंडल अध्यक्ष छबिलाल साहू, शिव साहू, उपसरपंच राधे पटेल, नंदू सेन, संस्था की प्राचार्य ज्योति बघेल, नगर पंचायत हाई स्कूल प्राचार्य कोमल सिंह साहू, विष्णु सिंह, प्रमोद चंद्राकर, रोहित पटेल सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Ad Code

Responsive Advertisement