शनिदेव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत सचिवों ने मनाया सचिव दिवस, लंबित एकसूत्रीय मांग को जल्द पूरा करने शासन से की अपील
मगरलोड। छत्तीसगढ़ प्रदेश ग्राम पंचायत सचिव संघ की इकाई द्वारा 07 जुलाई को जनपद पंचायत मगरलोड क्षेत्र के रहमने स्थित शनिदेव मंदिर प्रांगण में पंचायत सचिव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पंचायत सचिव उपस्थित रहे और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पंचायत सचिवों की वर्षों से लंबित एकसूत्रीय मांग शासकीयकरण को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव लंबे समय से शासकीयकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। पदाधिकारियों ने सभी सचिवों से संगठित रहकर लोकतांत्रिक एवं उचित माध्यमों से अपनी मांग को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिव ग्रामीण प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने से लेकर जन्म, मृत्यु, विवाह, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, हितग्राही मूलक योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, आवास, मनरेगा, स्वच्छता, पेयजल, पेंशन सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में पंचायत सचिवों की अहम भूमिका रहती है। ग्रामीणों को शासन की सुविधाएं उपलब्ध कराने में पंचायत सचिव निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इसी महत्वपूर्ण योगदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 07 जुलाई को पूरे छत्तीसगढ़ में पंचायत सचिव दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर सचिवों ने अपने अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर एकजुट रहने का संकल्प लिया तथा शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में सभी पंचायत सचिवों ने एक-दूसरे को सचिव दिवस की शुभकामनाएं दीं और ग्रामीण विकास तथा जनहित के कार्यों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।
