परखंदा में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने किया वृहद वृक्षारोपण, प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण
कुरूद। ग्राम पंचायत परखंदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार, 10 जुलाई को कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, जनपद पंचायत कुरूद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति, नव सृजन युवा एकता समिति, जनप्रतिनिधि, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में 10 लक्ष्मी तरु, 5 मुनगा, 5 कटहल, 4 मनीला, 2 फॉक्स टेल तथा 10 बॉटल पाम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
वृक्षारोपण के बाद कलेक्टर ने विद्यालय में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने विद्यालय के समग्र विकास के लिए कंप्यूटर लैब की स्थापना, नेटबॉल कोर्ट तथा खेल मैदान में सोलर हाईमास्ट लाइट की स्वीकृति प्रदान की। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने विद्यालय की कक्षाओं का निरीक्षण कर अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता एवं शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मोहित साहू, सचिव लोकेश साहू, विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के गिरेंद्र साहू, टीकाराम साहू, गजानंद साहू, टेकराम साहू, नव सृजन युवा एकता समिति के हिमेंद्र साहू, लिकेश साहू, दुष्यंत ढीढी, टोमन लाल चक्रधारी, चोवा राम, प्रमोद झा, गाड़ाडीह के टीकाराम साहू, रमन सिंह साहू सहित विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, पालकगण एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

