Ad Code

Responsive Advertisement

27 वर्षों की शिक्षकीय सेवा के बाद लीलाराम साहू का भावभीना सम्मान, भव्य विदाई समारोह आयोजित


 

शासकीय माध्यमिक शाला कपालफोड़ी में शिक्षक, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने किया सम्मान, विद्यालय को वाटर आरओ मशीन की भेंट

शासकीय माध्यमिक शाला कपालफोड़ी में उच्च वर्ग शिक्षक लीलाराम साहू के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना एवं भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शाला स्टाफ, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।


लीलाराम साहू का जन्म 28 मई 1964 को कुरूद (पाण्डुका) में हुआ। उन्होंने 22 अप्रैल 1999 को शासकीय प्राथमिक शाला भोथा से अपनी शिक्षकीय सेवा की शुरुआत की। यहां लगभग 8 वर्षों तक सेवा देने के बाद वर्ष 2007 में पदोन्नति उपरांत शासकीय माध्यमिक शाला कपालफोड़ी में उच्च वर्ग शिक्षक के रूप में पदस्थ हुए। उन्होंने यहां 19 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं और 28 मई 2026 को सेवानिवृत्त हुए। इस प्रकार उन्होंने शिक्षा विभाग में कुल 27 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं।


अपने पूरे कार्यकाल में लीलाराम साहू अपनी मधुर वाणी, सरल व्यवहार, कार्यकुशलता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया।


विदाई समारोह के दौरान शाला परिवार की ओर से उन्हें सम्मान पत्र, प्रतीक चिन्ह, शॉल, बैग, छाता एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने भी शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके योगदान को सराहा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक लीलाराम साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला समिति अध्यक्ष तेजप्रकाश साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच हेमिन पूर्णचंद साहू सहित बैसाखूराम चंदे, मीणा कंवर, महेंद्र सिंह कपूर, दीपक कुमार साहू, योगेश्वर यादव, होरीलाल साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक उपस्थित रहे।


इस अवसर पर लीलाराम साहू ने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक वाटर आरओ मशीन भेंट की। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Ad Code

Responsive Advertisement