दमकाडीह में शांति पूजन सम्पन्न, सिरकट्टी आश्रम के संत गोवर्धन शरण महाराज के सान्निध्य में हुआ आयोजन, नोहर लाल निषाद के निवास पर लिया आशीर्वाद
*मगरलोड।* ग्राम दमकाडीह में आज शांति पूजन का भव्य कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। यह पूजन कार्यक्रम सिरकट्टी आश्रम से पधारे परम पूज्य श्री श्री 1008 श्री सिया गोवर्धन शरण महाराज जी के पावन सान्निध्य में आयोजित किया गया।
सुबह से ही गांव में पूजन की तैयारियां जोरों पर थीं। महाराज जी के आगमन पर ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शांति पूजन का कार्यक्रम विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया। इस दौरान महाराज जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को शांति, सद्भाव और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शांति पूजन से न केवल घर में सुख-समृद्धि आती है, बल्कि पूरे गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
पूजन कार्यक्रम के पश्चात श्री महाराज जी ग्राम के ही निवासी नोहर लाल निषाद के निवास स्थान पर पधारे। वहां नोहर लाल निषाद ने अपने पूरे परिवार के साथ महाराज जी का आत्मीय स्वागत किया और चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज जी ने सहपरिवार को सुखी और मंगलमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

