Ad Code

Responsive Advertisement

कुकदा डैम में दर्दनाक हादसा नहाने उतरे युवक-युवती की डूबने से मौत


गरियाबंद जिले के पैरी नदी के बीच बने कुकदा डैम में एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है। डैम में नहाने उतरे एक युवक और युवती की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पाण्डुका पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर से चार लोग घूमने के लिए कुकदा डैम पहुंचे थे। इनमें एक युवती और तीन युवक शामिल थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से 22 वर्षीय सिंपी और 23 वर्षीय पीयूष मंडल डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कुकदा डैम में कई लोगों की जान जा चुकी है। सिंचाई विभाग द्वारा डैम के आसपास बड़े-बड़े अक्षरों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। नीचे उतरने और नहाने से मना किया गया है। साथ ही सुरक्षा के लिए तार घेरा भी किया गया है, लेकिन लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर पानी में उतर जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण अक्सर लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। एक बार फिर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ad Code

Responsive Advertisement