Ad Code

Responsive Advertisement

भखारा शराब दुकान में चाकू की नोक पर लूट, धमतरी पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा


धमतरी। थाना भखारा क्षेत्र अंतर्गत भखारा शराब दुकान परिसर में युवक को चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं नगदी रकम भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी 25 मई 2026 को अपने बड़े भाई के कहने पर शराब एवं डीजल खरीदने के लिए 3000 रुपये लेकर भखारा आया था। रात लगभग 8 बजे जब वह भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद आरोपीगण एवं एक विधि से संघर्षरत बालक ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू को युवक के गले में अड़ा दिया। वहीं आरोपी लोकेश पटेल एवं विधि से संघर्षरत बालक ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी समीर निर्मलकर ने मारपीट करते हुए प्रार्थी के पास रखे 3000 रुपये नगद एवं रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अंशुमन साहू पिता ईश्वर साहू उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा एवं लोकेश पटेल पिता स्वर्गीय छबीलाल पटेल उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं नगदी रकम बरामद कर जप्त की है। वहीं मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में लूट, चोरी, चाकूबाजी एवं असामाजिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Ad Code

Responsive Advertisement