Ad Code

Responsive Advertisement

हसदा में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल


मगरलोड। विकासखंड मगरलोड के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसदा में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत हसदा के सरपंच के आतिथ्य एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्ण कुमार साहू की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

टीकाकरण सत्र के दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग के कुल 8 बच्चों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम मनोज कुमार पटेल ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण महिलाओं में कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी तथा पात्र बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन महिलाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अभियान के सफल संचालन में ग्रामीण चिकित्सा सहायक श्रीमती गीतांजली साहू, हुनेंद्र साहू, वैक्सीनेटर लता साहू (स्टाफ नर्स), जेएसए कल्पना साहू, चन्द्रकिरण साहू (द्वितीय एएनएम) सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसदा की समस्त स्वास्थ्य टीम का विशेष योगदान रहा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की पात्र किशोरियों को भविष्य में होने वाली सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना है। अभियान को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया तथा अभिभावकों ने स्वास्थ्य विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

Ad Code

Responsive Advertisement