धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के तहत चार अलग-अलग प्रकरणों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबारों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भखारा, मगरलोड और कुरूद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना भखारा पुलिस ने पहली कार्रवाई में इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से अवैध शराब परिवहन कर रहे दिनेश साहू और वेद प्रकाश सेन को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन मदिरा तथा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 52 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम हंचलपुर क्षेत्र में अवैध महुआ शराब बिक्री कर रही हेमेश्वरी बंजारे को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई।
थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम परसाबुड़ा कमारपारा पुलिया के पास दबिश देकर बलराम कमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
इसी प्रकार थाना कुरूद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर नोहर सिंह साहू को पकड़ा। आरोपी मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 पौवा देशी मसाला शराब तथा मोटरसाइकिल जब्त की गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
