Ad Code

Responsive Advertisement

कुंडेल में रेत माफियाओं का राज! प्रशासन मौन, बेखौफ जारी अवैध रेत का काला कारोबार


मगरलोड विकासखंड के ग्राम कुंडेल में अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन का खेल इन दिनों चरम पर पहुंच गया है। आरोप है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रेत डम्प कर उसका खुलेआम परिवहन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। स्थिति यह है कि खनिज विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद रेत माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कुंडेल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत का कारोबार संचालित हो रहा है। दिन हो या रात, ट्रैक्टर और हाइवा वाहनों के माध्यम से रेत का परिवहन लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल खुलेआम चल रहा है, फिर भी कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति दिखाई देती है।

क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि शासन द्वारा खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं, लेकिन कुंडेल में इन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। रेत माफियाओं के सामने प्रशासनिक कार्रवाई बौनी साबित होती नजर आ रही है। इससे शासन को राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही पर्यावरण और नदी तंत्र को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाया है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। जब खनिज विभाग, जिला प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सब कुछ जानते हैं, तो फिर अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो क्षेत्र में अवैध खनन का यह नेटवर्क और अधिक मजबूत हो जाएगा।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बना यह मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव के कारण आम जनता की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अवैध रेत भंडारण एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध रेत कारोबार पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं, या फिर कुंडेल में रेत माफियाओं का यह बेखौफ खेल यूं ही जारी रहेगा।

Ad Code

Responsive Advertisement