Ad Code

Responsive Advertisement

स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 27 युवतियां और 6 युवक हिरासत में


शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित अवैधगतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाईकरते हुए कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 27 युवतियों और 6 युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं स्पा सेंटरों के संचालकों और कर्मचारियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है।


  जानकारी के अनुसार, भिवाड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने मटिला चौकी प्रभारी पुनीत मीणा और भिवाड़ी मोड़ चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया। शनिवार दोपहर बाद करीब 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से शहर के विभिन्न मॉल और व्यावसायिक परिसरों में संचालित स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश दी।

सबसे पहले पुलिस टीम ने भिवाड़ी बाइपास स्थित प्लाजा में संचालित स्पा सेंटरों की जांच की। यहां से कई युवतियों को हिरासत में लेकर उनके दस्तावेजों और पहचान संबंधी रिकॉर्ड की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने दूसरे मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर भी कार्रवाई की, जहां से 6 युवकों को हिरासत में लिया गया।


पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए सभी लोगों को पूछताछ के लिए भिवाड़ी मोड़ पुलिस चौकी लाया गया। यहां उनके रिकॉर्ड, गतिविधियों और स्पा सेंटरों में उनकी मौजूदगी के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से इन स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी समय-समय पर इन सेंटरों की जांच और कार्रवाई की मांग उठाई जा रही थी। प्रारंभिक स्तर पर कुछ अनियमितताओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधियों के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि शहर में कानून व्यवस्था और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध संचालित किसी भी अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


भिवाड़ी पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे स्पा सेंटरों और अन्य संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटरों में भी हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है

Ad Code

Responsive Advertisement