Ad Code

Responsive Advertisement

शासन गांव के द्वार: राजपुर समाधान शिविर में योजनाओं की बरसी सौगात


मगरलोड। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत ग्राम पंचायत राजपुर में क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी मांगों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
राजपुर क्लस्टर में ग्राम पंचायत राजपुर, झाझरकेरा, बोरसी, भोथा, लड़ेर, पाहंदा, सोनेवारा, सरगी, डाभा, करेली छोटी, छिपली, मोहंदी, बेलोरा एवं सोनपैरी सहित कुल 14 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। शिविर में कुल 872 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 869 मांग संबंधी तथा 3 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 601 मांग और 2 शिकायतों सहित कुल 603 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
समाधान शिविर में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, सहकारिता सभापति कृष्णा कुमार ध्रुव, जनपद सदस्य कविता सिन्हा, विनीत बाफना, दुर्गेशनंदनी, पूर्व उपाध्यक्ष कोमल यदु, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय यदु, पूर्व जिला पंचायत सदस्य खुबलाल ध्रुव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मगरलोड ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से प्राप्त मांगों और शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा 5 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग हितग्राही को ट्राईसिकल प्रदान की। श्रम विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर 65 ग्रामीणों का सिकल सेल, ब्लड प्रेशर, शुगर, सर्दी-बुखार एवं कमजोरी संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही 5 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त शिविर में 15 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, 5 लोगों के आधार कार्ड अपडेट किए गए तथा 2 नए आधार कार्ड भी जारी किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा स्वीकृति आदेशों और सामग्री वितरण के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया गया।
ग्रामीणों ने समाधान शिविर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे गांव स्तर पर मिल रहा है, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित यह शिविर शासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Ad Code

Responsive Advertisement