मगरलोड ब्लॉक की मुख्य सड़क पर हिचकोले खाते वाहन, बारिश में कीचड़ से हादसों का खतरा, स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही सबसे ज्यादा परेशानी
मगरलोड: करेली-खट्टी मार्ग पर विकास अधूरा, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, ग्रामीणों में आक्रोश
नगर पंचायत करेली से खट्टी निर्माणाधीन रोड की दुर्दशा, राहगीरों को रोज करना पड़ रहा परेशानियों का सामना
*मगरलोड/करेली बड़ी।* मगरलोड विकासखंड के नगर पंचायत करेली बड़ी से ग्राम खट्टी तक जाने वाली निर्माणाधीन सड़क की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि वाहन चालकों को हिचकोले खाते हुए चलना पड़ रहा है, वहीं बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से हादसों का खतरा और भी बढ़ गया है।
*रोजमर्रा के आवागमन में बड़ी बासहित
यह सड़क नगर पंचायत करेली बड़ी को खट्टी सहित आसपास के दर्जनों गांवों से जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इसी मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे, किसान और व्यापारी आवागमन करते हैं। लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने और लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण यह सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर दोपहिया वाहन चलाना तो सबसे ज्यादा जोखिम भरा हो गया है। गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। चार पहिया वाहन भी धीरे-धीरे रेंगते हुए चलते हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। बरसात के मौसम में तो स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और पानी भरे गड्ढों में वाहन फंस जाते हैं।
*ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार*
आसपास के ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को अवगत कराया है, लेकिन अब तक इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क उनके लिए लाइफलाइन है, क्योंकि इसी से वे मंडी, अस्पताल, स्कूल और ब्लॉक मुख्यालय मगरलोड तक जाते हैं। विशेष रूप से मरीजों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि करेली बड़ी से खट्टी तक की इस निर्माणाधीन सड़क का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और गड्ढों को भरकर आवागमन को सुगम बनाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पीडब्ल्यूडी अधिकार राकेश शुक्ला ने कहा कि बारिश के कारण अभी सड़क कार्य कार्य रुका हुआ है जैसे बारिश समाप्त होगा कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा
