मगरलोड। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मगरलोड विकासखंड के मधुबन धाम में वृहद महतारी सम्मेलन एवं उत्कृष्ट महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न विभागों एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान, समर्पण और समाज निर्माण में निभाई जा रही भूमिका को सराहा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विरेन्द्र साहू, जनपद अध्यक्ष मगरलोड रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मीना डेमू साहू, सभापति जिला पंचायत धमतरी ने की। विशेष अतिथि के रूप में राजेश साहू जनपद सभापति, नंदनी साहू जनपद सभापति, तिलोत्तमा साहू जनपद सभापति, अनिता देशमुख जनपद सदस्य, विनीता साहू जनपद सदस्य, हेमलता ध्रुव जनपद सदस्य, पूनम साहू जनपद सदस्य, मनीषा ध्रुव सरपंच मेघा, केवल वर्मा सरपंच बोडरा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुमित गांडेचा, श्रद्धा गौतम तथा डोमार बिंझेकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री विरेन्द्र साहू ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से समाज को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं को समाज की शक्ति बताते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी भागीदारी से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही मीना डेमू साहू ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “उत्कृष्ट महिला सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, शिक्षक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कुल 19 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
अंत में उपस्थित अतिथियों एवं महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

