ग्राम सौंगा में पशुधन विकास विभाग द्वारा निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय नई दिल्ली के सचिव नरेंद्र भूषण के प्रवास के दौरान संपन्न हुआ। शिविर में उन्नत नस्ल के कृत्रिम गर्भाधान से उत्पन्न गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं जर्सी नस्ल के लगभग 30 बछड़ों और पशुओं की रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया, जो ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम का निरीक्षण अतिरिक्त संचालक डॉ. के.के. ध्रुव द्वारा किया गया। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे नस्ल सुधार कार्यों की सराहना करते हुए इसे पशुपालकों के लिए लाभकारी बताया।
शिविर के दौरान पशुओं का उपचार, दवाई वितरण, कृमिनाशक दवा, मिनरल मिक्सर पैकेट वितरण, गर्भ परीक्षण एवं बधियाकरण जैसे विभिन्न कार्य संपादित किए गए। ग्रामीणों और पशुपालकों ने विभाग की इस पहल की प्रशंसा की।
इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. ए.के. मरकाम, डॉ. भुजेन्द्र सोनी, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी बी.एल. नागरची, खिलेश्वर सोनबेर, डेमन साहू, परिचारक देवलाल साहू, झलेन साहू तथा गौसेवक पुरुषोत्तम यादव, नंद कुमार यादव, ओनियर कश्यप, जिनेंद्र साहू, महेश निषाद और यशवंत निषाद सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
