Ad Code

Responsive Advertisement

मैनपुर ब्लॉक के शासकीय संस्थानों का कलेक्टर एवं सीईओ ने किया औचक निरीक्षण


 आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के उन्नयन के दिए निर्देश

जिडार और बारदुला के आयुष्मान आरोग्य केंद्रों तथा राजपुर एवं झारियाबहारा के आंगनबाड़ी केन्द्रों का लिया जायजा


गरियाबंद / कलेक्टर बी.एस. उइके एवं जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने आज मैनपुर विकासखंड के विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजपुर एवं झारियाबहारा के आंगनबाड़ी केंद्रों सहित जिडार और बारदुला स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का जायजा लिया। कलेक्टर उइके ने बताया कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत मैनपुर ब्लॉक को विकास की दृष्टि से चयनित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण हेतु अतिरिक्त अनुदान राशि प्राप्त हुई है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस राशि का उपयोग पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चार स्वास्थ्य संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बताया कि 10 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण, शिक्षा एवं स्वच्छ वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कलेक्टर एवं सीईओ ने केंद्रों की वर्तमान स्थिति, आवश्यक संसाधनों तथा सुधार की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के उद्देश्यों की पूर्ति हो सके और स्थानीय जनता को इसका लाभ शीघ्र प्राप्त हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विकासात्मक कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर उइके ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से मैनपुर क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिल सकेगी। इस दौरान एसडीएम तुलसीराम मरकाम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Ad Code

Responsive Advertisement