जयसिंह नगर - शहडोल जिले के जयसिंहनगर तहसील अंतर्गत ग्राम सरवारी (मराठा टोला) में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों और अंबेडकरवादी संगठनों में भारी रोष व्याप्त है।
20 साल पुरानी प्रतिमा को पहुंचाया गया नुकसान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला अध्यक्ष कैलाश कुमार अहिरवार ने इस संबंध में अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) जयसिंहनगर को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि यह प्रतिमा पिछले लगभग 20 वर्षों से स्थापित थी और यह शहडोल जिले की प्रथम डॉ. अंबेडकर प्रतिमा होने के कारण गहरा सामाजिक और ऐतिहासिक महत्व रखती है।
आजाद समाज पार्टी ने प्रशासन से निम्नलिखित माँगें की हैं:
* घटना की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
* खंडित प्रतिमा के स्थान पर जल्द से जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए।
* अंबेडकर स्थल से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
चेतावनी: पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा इस गंभीर विषय पर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो अंबेडकरवादी संगठन और नागरिक धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सुरक्षा की मांग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी प्रतिलिपि थाना प्रभारी जयसिंहनगर को भी भेजी गई है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार के सांप्रदायिक या सामाजिक तनाव को रोका जा सके।
