त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उप निर्वाचन 2026 के तहत धमतरी जिले में 02 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए आगामी 01 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन श्री अबिनाश मिश्रा ने संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिन ग्राम पंचायतों में चुनाव होना है, वहां स्थित सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में मतदान दिवस पर अवकाश रहेगा। यह निर्णय राज्य शासन सामान्य प्रशासन विभाग रायपुर एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत लिया गया है।
धमतरी जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत लीलर में सरपंच पद तथा बिरेतरा और मोंगरागहन में पंच पदों के लिए मतदान होगा। वहीं मगरलोड जनपद पंचायत के मोतिमपुर में सरपंच और पंच दोनों पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे।
इसके अलावा कुरूद और नगरी जनपद पंचायत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
