Ad Code

Responsive Advertisement

राजभवन में धमतरी पुलिस का बढ़ा मान “पुलिस की पाठशाला” के योग प्रशिक्षक आरक्षक सुजय मंडल एवं शिष्या रूची साहू सम्मानित


धमतरी पुलिस की अभिनव पहल “पुलिस की पाठशाला” को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षक आरक्षक सुजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू को राजभवन स्थित छत्तीसगढ़ मड़पम में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान महामहिम राज्यपाल रमन डेका द्वारा नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आरक्षक सुजय मंडल योग के कठिन एवं प्रभावशाली आसनों जैसे मयूरासन, चक्रासन, धनुरासन, हलासन और शीर्षासन में विशेष निपुणता रखते हैं। उनके द्वारा पुलिस लाइन रुद्री में समय-समय पर आयोजित योग प्रशिक्षण शिविरों में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को योग, फिटनेस एवं मानसिक सशक्तिकरण का प्रशिक्षण दिया जाता है।

उनके प्रशिक्षण से पुलिस जवानों में शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा का विकास हो रहा है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक अनुशासन एवं दक्षता के साथ कर पा रहे हैं।

योग प्रशिक्षक सुजय मंडल के साथ उनकी शिष्या रूची साहू को भी राज्यपाल महोदय के हाथों सम्मानित किया गया। रूची साहू ने योग की शिक्षा एवं कठिन योग आसनों का प्रशिक्षण सुजय मंडल से प्राप्त किया है और वे निरंतर योग गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

सम्मान प्राप्ति के बाद आरक्षक सुजय मंडल एवं रूची साहू ने पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार से सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसपी परिहार ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का प्रभावी माध्यम है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आरक्षक सुजय मंडल एवं रूची साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Ad Code

Responsive Advertisement