खिसोरा:- गौरव ग्राम खिसोरा में ग्रामीण विकास एवं जल संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत 7 लाख 21 हजार रुपए की लागत से कुकरी नाला पुलिया पास जल संवर्धन संरचना के जीर्णोद्धार कार्य हेतु विधिवत भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, पंचों, पंचायत कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। भूमिपूजन कार्यक्रम पूरे उत्साह एवं विकास की भावना के साथ संपन्न हुआ।
ग्राम पंचायत की सरपंच राखी साहू ने कहा कि गांव में जल संरक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य से वर्षा जल का संरक्षण बेहतर तरीके से हो सकेगा, जिससे ग्रामीणों एवं किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही नाला क्षेत्र के आसपास की संरचना मजबूत होने से आवागमन में भी सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि शासन की मनरेगा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थायी विकास कार्यों को बढ़ावा दे रही है। पंचायत लगातार गांव के विकास के लिए प्रयासरत है और आने वाले समय में भी विभिन्न जनहितकारी कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पंचों एवं ग्रामीणों ने भी इस कार्य को गांव के लिए महत्वपूर्ण बताया। ग्रामीणों का कहना है कि जल संवर्धन संरचना के जीर्णोद्धार से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई व्यवस्था में भी सहायता प्राप्त होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पीला पंच, मुस्ताक खान पंच, चैनसिंग साहू पंच, गजेंद्र पटेल पंच, हरेंद्र निषाद पंच एवं संतोष साहू पंच विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा पंचायत कार्यों से जुड़े रोजगार सहायक रोशन साहू, नल-जल ऑपरेटर बबला साहू, राजू साहू मेट, कमलेश साहू मेट, चितरंजन साहू मेट एवं रोशन साहू मेट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने शासन एवं पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इस प्रकार के विकास कार्य गांव की प्रगति को नई दिशा देंगे। भूमिपूजन के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में पूर्ण कराने का संकल्प लिया।
गांव में हुए इस भूमिपूजन कार्यक्रम से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
