गरियाबंद जिले के ग्राम दीवानमुड़ा में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां नाश्ते के पैसे मांगने पर एक महिला की धारदार ब्लेड से हत्या कर दी गई। मृतिका की पहचान छबिता यादव (45 वर्ष) पति पूरित राम यादव निवासी ग्राम दीवानमुड़ा के रूप में हुई है, जो गांव में चाय की टपरी संचालित करती थी।
जानकारी के अनुसार गांव के ही आरोपी देवी सिंह यादव (35 वर्ष) पिता गुणधर यादव टपरी पर नाश्ता करने पहुंचा था। इसी दौरान पैसे मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार ब्लेड से छबिता यादव की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मृतिका के पति पूरित राम यादव (47 वर्ष) और पुत्र हेमंत यादव (21 वर्ष) भी घायल हो गए। दोनों को सामान्य चोटें आई हैं।
वारदात के बाद आरोपी उड़ीसा भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन देवभोग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर अपराध दर्ज कर लिया है तथा आगे की विवेचना जारी है। आरोपी के खिलाफ पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
