कुरूद। ग्राम पंचायत परखंदा में महिला शक्ति को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में दिनांक 8 अक्टूबर को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। सरपंच माधुरी मोहित साहू के
नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में गांव की बहुसंख्यक महिलाओं की उपस्थिति में महिला कमांडो का गठन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता टिकेश साहू (संरक्षक, सरपंच संघ कुरूद)
ने उपस्थित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्राम संगठन के समस्त महिलाओं को बताया
कि- स्वस्थ समाज के लिए नशामुक्ति की दिशा में संगठित होकर कार्य करना होगा। उच्च विचारों की दीपशिखा को प्रचलित करना ही हमारी सच्ची
साधना होगी।" "मोर गांव, मोर अभिमान" अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि यदि पंचायती राज संस्थाएं, ग्राम विकास समिति
और मातृशक्ति मिलकर कार्य करें तो गांव को उन्नति और प्रगति की नई दिशा प्रदान की जा सकती है।
अंत में सरपंच माधुरी साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ग्राम पंचायत परखंदा
की मातृशक्ति के साथ कदम से कदम मिलाकर इस जन आंदोलन को
आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। साथ ही सरपंच संघ की प्रशंसा करते
हुए कहा कि "ऐसी विचारधारा और दूरदृष्टि निश्चित ही समाज में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी।"
ग्राम पंचायत परखंदा की महिलाओं ने सर्वसम्मति से श्रीमती तारा गिरेंद्र साहू को महिला कमांडो अध्यक्ष नियुक्त किया एवं उपस्थित सभी
माताओं ने इस जन आंदोलन के माध्यम से ग्राम पंचायत परखंदा को स्वस्थ सुरक्षित एवं नशामुक्त ग्राम बनाने का संकल्प लिया। इसी तारतम्य में ग्राम पंचायत परखंदा के जनप्रतिनिधियों के द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परखंदा के नवाचार (सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित) बनाने हेतु प्राचार्य रविंद्र साहू एवं स्टाफ को ₹25000 तथा नवीन प्राथमिक विद्यालय के प्राचार्य को 10,000 रुपए का चेक प्रदान किया गया।

