मगरलोड जनपद पंचायत परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष विरेन्द्र साहू द्वारा विधिवत रूप से ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया और देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में विशेष रूप से जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री खिलेश साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या ठाकुर, जनपद सदस्य हेमलता ध्रुव, डुगेसवरी साहू, केवल कंवर, पंचायत इंस्पेक्टर दीपक भीमगंज सहित जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व—का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के जयघोष के साथ हुआ।

