Ad Code

Responsive Advertisement

कूदकर 7 लोगों की जिंदगी बचाने वाले अदम्य साहस व मानवता की मिसाल जयंत ध्रुव को एसपी धमतरी ने किया सम्मानित


*अदम्य साहस व मानवता की मिसाल बने ग्राम बगदेही के जयंत ध्रुव, मासूमों सहित 7 लोगों की बचाई थी जान*

पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी के सभाकक्ष में कुरूद विकासखंड के ग्राम बगदेही निवासी जयंत कुमार ध्रुव को उनके अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता एवं मानवीय संवेदना के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार द्वारा सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक  ने कहा कि जयंत ध्रुव द्वारा अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में कूदकर दुर्घटनाग्रस्त लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना समाज के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद उदाहरण है। ऐसे साहसी नागरिक समाज में मानवता, कर्तव्य और साहस की मिसाल प्रस्तुत करते हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  परिहार ने जयंत ध्रुव के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले के ग्राम बगदेही में रविवार को ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बुजुर्गों एवं छोटे बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा।

हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 3–4 वर्ष के मासूम बच्चे एवं बुजुर्ग शामिल थे।


घटना को देखते ही स्थानीय सरपंच पति जयंत ध्रुव ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए कुएं में छलांग लगाई और अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में डूब रहे मासूम बच्चों सहित सभी 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

उनकी तत्परता, साहस एवं मानवता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों की जान बच सकी।

धमतरी पुलिस द्वारा ऐसे साहसी एवं समाजहित में कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित कर जनमानस में सकारात्मक संदेश देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

Ad Code

Responsive Advertisement