छत्तीसगढ़ के मगरलोड क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के आईटी प्रकोष्ठ में राजेंद्र कुमार साहू को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें सहसंयोजक के पद पर नियुक्त किया गया है, वहीं पहली सूची में कुल 17 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक द्वारिका साहू, प्रदेश प्रभारी महामंत्री मनीष साहू एवं अन्य पदाधिकारियों की सहमति और अनुमोदन से की गई है।
मगरलोड ब्लॉक के ग्राम नारधा निवासी राजेंद्र साहू लंबे समय से समाज सेवा में सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में वे खिसोरा परिक्षेत्र एवं तहसील साहू संघ मगरलोड में मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे ग्रामीण साहू समाज नारधा में उपाध्यक्ष तथा राजिम भक्तिन माता समिति में भी मीडिया प्रभारी की भूमिका निभा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि राजेंद्र साहू स्कूल जीवन से ही सरल स्वभाव और समाज के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी इसी सक्रियता और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर यह अहम जिम्मेदारी दी गई है।
नियुक्ति के बाद राजेंद्र साहू ने कहा कि वे समाज की योजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। साथ ही युवाओं को समाज के प्रति जागरूक करने और सामाजिक व राजनीतिक दृष्टिकोण से समाज के हित में काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वे आईटी प्रकोष्ठ के सहसंयोजक के रूप में समाज को नई दिशा देने और संगठन को गति प्रदान करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों एवं मित्रों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
