धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने सिहावा चौक स्थित पुराने ट्रक यूनियन ऑफिस के पास चल रहे जुए के फड़ पर सर्जिकल एक्शन करते हुए 5 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मौके पर 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं और हजारों रुपये का दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और मौके से पांचों आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 5 मोटरसाइकिल, नगदी 3,216 रुपये और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 83,216 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्की सिंग भुराणी, पवन साहू, आरिन वर्मा उर्फ कोमल वर्मा, शेख आसिफ और अफसर खान शामिल हैं। सभी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
