Ad Code

Responsive Advertisement

गांव-गांव पहुंचा भाजपा का अभियान, कांग्रेस कार्यकर्ता ने थामा कमल का दामन


भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रभारी के निर्देशानुसार जिले भर में ‘गांव चलो बस्ती चलो’ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

मगरलोड मंडल में जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू के नेतृत्व में अभियान को सक्रिय रूप से संचालित किया गया। इसी दौरान ग्राम पंचायत धौराभांठा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जहां कांग्रेस के पुराने एवं सक्रिय कार्यकर्ता जागेश्वर साहू ने भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू ने जागेश्वर साहू को भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत प्रवेश कराया।

इस अवसर पर ‘गांव चलो बस्ती चलो’ अभियान के प्रभारी सुरेश चेलक, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोलूराम देवांगन, बूथ अध्यक्ष अशोक साहू सहित भीमराम देवांगन, युवराज देवांगन, जमुना एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अभियान के माध्यम से भाजपा संगठन गांव स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने में जुटा हुआ है।

Ad Code

Responsive Advertisement