Ad Code

Responsive Advertisement

बीसीएस पीजी कॉलेज में विधायक अजय चंद्राकर ने किया अवलोकन, युवाओं का बढ़ाया उत्साह


 धमतरी। जिले के बीसीएस पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय युवा फेस्ट-2026 के दूसरे दिन उत्साह, रचनात्मकता और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर शामिल हुए और विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

विधायक चंद्राकर ने स्टार्टअप, एजुकेशन एवं स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी कार्यशालाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए इतिहास, आर्ट, छत्तीसगढ़ी पहनावा एवं पारंपरिक श्रृंगार से संबंधित स्टॉलों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक धमतरी रंजना साहू, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विधायक को फेस्ट के प्रथम दिवस की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष युवा फेस्ट में लगभग 30 विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं एवं प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए आकर्षक पोस्टर, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया गया, जिसके परिणामस्वरूप धमतरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है।

कलेक्टर ने बताया कि पहले दिन महाविद्यालय परिसर रंग-बिरंगी गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा ऊर्जा से सराबोर रहा। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में एआई वर्कशॉप, वीडियो एडिटिंग वर्कशॉप, कैनवा वर्कशॉप तथा लोक कलाकार आरू साहू की प्रस्तुति विशेष रूप से सराही गई। खुले मंच की व्यवस्था ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर दिया।

इस अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि युवा फेस्ट जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आज का युवा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि नवाचार, तकनीक और रचनात्मकता के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की गई। युवा फेस्ट-2026 जिले में प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सकारात्मक और प्रेरणादायी माहौल तैयार करने में सफल रहा।

Ad Code

Responsive Advertisement