Ad Code

Responsive Advertisement

दो साल से अधिक समय से एक ही जगह पदस्थ जवानों का स्थानांतरण, एसपी सूरज सिंह परिहार ने तीन पसंदीदा विकल्प लेकर किया फैसला


 धमतरी। जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत, संतुलित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर के आरक्षकों का बड़ा स्थानांतरण किया गया है। लंबे समय बाद जारी इस व्यापक सूची में कुल 192 आरक्षकों का तबादला विभिन्न थाना, चौकी, शाखाओं एवं रक्षित केंद्रों में किया गया है।

जानकारी के अनुसार ऐसे आरक्षक, जिन्होंने एक ही स्थान पर दो वर्ष से अधिक समय तक सेवा दी थी, उन्हें नई पदस्थापना दी गई है। इस प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न किया गया। स्थानांतरण आदेश से पहले आरक्षकों का सम्मेलन आयोजित कर उनसे उनकी इच्छा अनुसार तीन पसंदीदा थाना या चौकी विकल्प भरवाए गए थे।


यह सम्मेलन धमतरी, कुरुद और नगरी अनुभागों के साथ-साथ पुलिस लाइन, यातायात शाखा, नियंत्रण कक्ष, एसपी कार्यालय, साइबर थाना, अजाक, महिला सेल सहित अन्य इकाइयों में पदस्थ जवानों के लिए आयोजित किया गया था। सम्मेलन के दौरान खुले मंच पर आरक्षकों से सीधे संवाद कर उनकी प्राथमिकताएं ली गईं, जिससे स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास कायम हो सके।

प्राप्त विकल्पों एवं कार्य मूल्यांकन को आधार बनाकर प्रशासन ने दो अलग-अलग सूचियों के माध्यम से कुल 121 और 71 आरक्षकों, यानी कुल 192 पुलिस जवानों का स्थानांतरण किया। इन जवानों को जिले के विभिन्न थाना, चौकियों और रक्षित केंद्रों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।


विशेष बात यह रही कि स्थानांतरण प्रक्रिया में गृह थाना या पिछली पोस्टिंग को विकल्प में शामिल नहीं किया गया। इसके अलावा जिन आरक्षकों के पास किसी विशेष कार्य क्षेत्र में अनुभव और दक्षता थी तथा जिनके स्थानांतरण से संबंधित इकाई के कार्य प्रभावित होने की संभावना थी, उन्हें प्रशासनिक कारणों से यथावत रखा गया।

पुलिस विभाग की यह पिछले एक वर्ष की सबसे बड़ी स्थानांतरण सूची मानी जा रही है। साथ ही यह भी ध्यान रखा गया कि जवानों के बच्चों का शैक्षणिक सत्र पूर्ण हो चुका है, ताकि स्थानांतरण का असर परिवार और बच्चों की पढ़ाई पर न पड़े। 

धमतरी पुलिस की इस पहल को विभागीय सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे पुलिस बल में कार्यकुशलता, मनोबल, संतुलन और कार्य संतुष्टि बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। जिलेभर में जारी इस तबादला सूची को लेकर पुलिस महकमे में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

Ad Code

Responsive Advertisement