Ad Code

Responsive Advertisement

भटकती अर्धविक्षिप्त महिला को पुलिस ने दिलाया सुरक्षित इलाज

 


जिला धमतरी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक अज्ञात अर्धविक्षिप्त महिला को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उसे उचित उपचार के लिए मानसिक उपचार केंद्र सेन्द्री, जिला बिलासपुर में भर्ती कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अर्जुनी पुलिस को दिनांक 14 अप्रैल 2026 को ग्राम कलारतराई क्षेत्र में एक अज्ञात महिला भटकती हुई मिली। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुनीता (उम्र लगभग 42-45 वर्ष) बताया, लेकिन अपने परिजनों एवं निवास संबंधी जानकारी देने में असमर्थ रही। महिला की मानसिक स्थिति असामान्य होने के कारण उसे तत्काल सुरक्षा हेतु सखी सेंटर धमतरी के सुपुर्द किया गया।


पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार महिला के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसे जिला चिकित्सालय धमतरी में परीक्षण के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के बाद उसकी मानसिक स्थिति गंभीर पाए जाने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मानसिक उपचार केंद्र सेन्द्री, जिला बिलासपुर रिफर किया गया।

आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर तथा न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धमतरी से अनुमति प्राप्त कर थाना अर्जुनी पुलिस ने महिला को सुरक्षित रूप से मानसिक उपचार केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

धमतरी पुलिस की इस मानवीय पहल से समाज के कमजोर एवं असहाय वर्गों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय मिलता है।

Ad Code

Responsive Advertisement