Ad Code

Responsive Advertisement

तेज रफ्तार कार ने नर्स को मारी टक्कर, हालत गंभीर — चालक मौके से फरार


मगरलोड। विकासखंड मगरलोड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने स्वास्थ्य विभाग समेत पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्टाफ नर्स रुद्राणी निषाद उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गईं, जब वे अपने कार्य के सिलसिले में मेघा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित एक बैठक में शामिल होने जा रही थीं।

मिली जानकारी के अनुसार, रुद्राणी निषाद अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 04 एनओ 2650 से मेघा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक मारुति कार (क्रमांक सीजी 23 एच 9312) ने लापरवाहीपूर्वक उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और नर्स रुद्राणी निषाद मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ीं।


घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल नर्स को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन सिर और पैर में गंभीर चोटों को देखते हुए उनकी स्थिति नाजुक पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया।


इस संबंध में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शारदा ठाकुर ने बताया कि नर्स को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत को देखते हुए उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर करना आवश्यक था।

वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त कार किसी मोहदी निवासी की बताई जा रही है।

घटना की सूचना स्वास्थ्य केंद्र द्वारा पुलिस को मेमो के माध्यम से दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, अब तक दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और कार को थाना नहीं लाया गया है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही औपचारिक रिपोर्ट दर्ज होगी, मामले में तेजी से कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


मगरलोड में हुए इस हादसे ने न सिर्फ एक जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी को घायल किया, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और फरार चालक को कब तक पकड़ पाती है।

Ad Code

Responsive Advertisement