Ad Code

Responsive Advertisement

मसान घाट में शराब के नशे में खूनी खेल! कुल्हाड़ी से हमला, एक की मौत, एक गंभीर घायल


 पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार — मामूली विवाद बना जानलेवा संघर्ष

धमतरी। जिले के थाना केरेगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्राह्मणबाहरा के मसान घाट जंगल में 30 अप्रैल 2026 को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां शराब सेवन के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ब्राह्मणबाहरा निवासी पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव, नरेश यादव और शिशुपाल मरकाम तीनों एक साथ जंगल स्थित मसान घाट में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में तब्दील हो गया।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के उग्र रूप लेने पर आरोपी पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव ने पास में रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) उठाकर शिशुपाल मरकाम (उम्र 38 वर्ष) के चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने नरेश यादव पर भी जानलेवा हमला करते हुए उसके सिर और कान पर वार किया, जिससे नरेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी को स्पष्ट किया।

पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 11/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1) एवं 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद विशेष टीम गठित कर आरोपी पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव (उम्र 20 वर्ष) को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जप्त कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।

घायल शिशुपाल मरकाम का उपचार अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद, आपराधिक गतिविधियों या संदिग्ध घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Ad Code

Responsive Advertisement