Ad Code

Responsive Advertisement

गांजा तस्करी पर सख्ती के बीच बोराई वीडियो विवाद — DSP जांच के आदेश



धमतरी। जिले में अवैध गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर नाका लगाकर सघन चेकिंग की जा रही है। इस बीच 1 मई 2026 को बोराई क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

वायरल वीडियो में बोराई थाना प्रभारी द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डीएसपी स्तर के राजपत्रित अधिकारी से जांच के आदेश दे दिए हैं।

पुलिस द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिले में उड़ीसा से आने वाले मार्गों पर अवैध गांजा तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बोराई थाना क्षेत्र में भी नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ गया। इसके बाद थाना प्रभारी द्वारा उसका पीछा किया गया और बाजार क्षेत्र में जाकर वाहन को रुकवाया गया।

आगे की स्थिति में संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित रूप से पुलिस अधिकारी के साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। पुलिस का कहना है कि वायरल किया गया वीडियो घटना का केवल एक हिस्सा दिखाता है, जबकि पूरा घटनाक्रम उसमें शामिल नहीं है।

साथ ही यह भी सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा खुद को कार्रवाई से बचाने के उद्देश्य से वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया गया हो सकता है।

फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Ad Code

Responsive Advertisement