*धमतरी:* *कलेक्टर अविनाश मिश्रा* के गरिमामयी मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मगरलोड के कुशल निर्देशन में विकासखंड मगरलोड के अंतर्गत सद्भावना महिला क्लस्टर संगठन, मोहंदी के ग्राम बोरसी (जिला धमतरी) द्वारा क्षेत्र की बेरोजगार युवतियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय RIF (Reimagining the Future - भविष्य की पुनः परिकल्पना) प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्लस्टर के तीन गाँवों की 45 चयनित युवतियों ने हिस्सा लिया।
*आत्मविश्वास और करियर निर्माण पर रहा जोर*
तीन दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण में युवतियों को पारंपरिक ढर्रे से हटकर सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य रूप से स्वयं की समझ (Self-awareness), जेंडर समानता, नेतृत्व क्षमता (Leadership), जीवन कौशल (Life Skills) तथा करियर एवं रोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिससे युवतियों का आत्मविश्वास बढ़ा। इसके साथ ही कौशल विकास और रोजगार के खुले अवसरों के बारे में जानकारी एवं उन्हें गहराई से समझने का अवसर मिला।
*रोजगारपरक संस्थानों के विशेषज्ञों ने दी जानकारी*
प्रशिक्षण के अंतिम दिन विभिन्न रोजगारपरक संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हुए। आजीविका महाविद्यालय धमतरी, प्रथम अरोरा केंद्र कुरुद एवं डीडीयू-जीकेवाई (DDU-GKY) के प्रतिनिधियों ने उपस्थित युवतियों को शासन की विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण योजनाओं, भविष्य में मिलने वाले रोजगार के अवसरों तथा उनकी चयन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधियों ने ग्रामीण युवतियों को मुख्यधारा से जुड़ने और अपनी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
*इनका रहा सराहनीय योगदान*
इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम को सफल बनाने में मगरलोड विकाशखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) ,सद्भावना क्लस्टर की उपसमिति एवं पदाधिकारी दीदियों ,PRP तथा प्रदान (PRADAN) टीम का विशेष और महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्लस्टर की दीदियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी ग्रामीण युवतियों और महिलाओं के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए इस तरह रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास जारी रखेंगी।
