*POCSO के एक और आरोपी को कठोर सजा: धमतरी कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा, उत्कृष्ट विवेचना पर TI पुरस्कृत होंगे*
*“महिला-बाल अपराध पर जीरो टॉलरेंस”: केरेगांव केस में आरोपी दोषी करार, एसपी ने जांच अधिकारी को किया सम्मानित करने की घोषणा
*धमतरी।* महिला एवं बाल अपराधों के प्रति धमतरी पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति का एक और नतीजा सामने आया है। नाबालिग से दुष्कर्म के एक और मामले में माननीय न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की कठोर सजा सुनाई है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस लगातार महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर रही है ताकि आरोपियों को कड़ी सजा मिल सके। इसी कड़ी में थाना केरेगांव के अपराध क्रमांक 20/2025, विशेष दांडिक प्रकरण POCSO क्रमांक 54/2025 में माननीय अपर सत्र न्यायाधीश FTC/POCSO धमतरी ने बड़ा फैसला सुनाया।
*कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा*
न्यायालय ने आरोपी राकेश मंडावी, पिता स्व. आत्माराम मंडावी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सियादेही, थाना केरेगांव को दोषी पाते हुए कड़ी सजा सुनाई।
माननीय न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत 07 वर्ष सश्रम कारावास, धारा 87 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास और POCSO एक्ट की धारा 6 के तहत आजीवन कारावास यानी शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक कारावास की सजा सुनाई। साथ ही कुल 5,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। सभी सजाएं साथ-साथ भुगताई जाएंगी।
न्यायालय ने यह भी आदेश दिया कि आरोपी द्वारा जमा कराई गई 7,000 रुपये की अर्थदंड राशि पीड़िता को उसके अभिभावक के माध्यम से प्रतिकर के रूप में प्रदान की जाए।
*उत्कृष्ट विवेचना पर TI होंगे सम्मानित*
इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी केरेगांव निरीक्षक टुमन लाल टडसेना ने मामले की तत्परता से जांच की। उन्होंने साक्ष्यों का वैज्ञानिक और विधिसम्मत संकलन कर प्रकरण को न्यायालय में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी को कठोर सजा मिली।
एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए निरीक्षक टुमन लाल टडसेना को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
*धमतरी पुलिस की प्रतिबद्धता*
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
