.*"नया सवेरा अभियान" के तहत कार्रवाई: छुरा पुलिस ने 32 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी को दबोचा*
*गरियाबंद: चरौदा में रेड, 3200 रुपये की कच्ची शराब जप्त, बसंत नेताम गिरफ्तार*
संपादक:- राजू साहू
गरियाबंद।* पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “नशे के विरुद्ध नया सवेरा अभियान” के अंतर्गत गरियाबंद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना छुरा पुलिस ने मंगलवार 05.08.2026 को ग्राम चरौदा में दबिश देकर 32 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी वेदव्रत सिरमौर ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध नशे के परिवहन एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और रोकथाम के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में सभी थानों में मुखबिर तंत्र और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।
*मुखबिर सूचना पर हुई रेड*
मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चरौदा के महुआ पारा वार्ड नं. 10 में एक व्यक्ति अवैध कच्ची शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना छुरा पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी बसंत नेताम, पिता जगत राम नेताम, उम्र 32 वर्ष, निवासी महुआ पारा वार्ड नं. 10 चरौदा, थाना छुरा, जिला गरियाबंद को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से कुल 32 लीटर अवैध कच्ची देशी महुआ शराब बरामद की गई। जप्त शराब की अनुमानित कीमत 3,200 रुपये आंकी गई है।
*आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज*
पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब को विधिवत जप्त कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
*पुलिस का बयान*
थाना प्रभारी छुरा ने बताया कि “नया सवेरा अभियान” के तहत जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री की सूचना नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
