*सावन के अंतिम सोमवार पर आस्था का सैलाब: महानदी उद्गम श्रृंगी ऋषि से आए कांवरियों के लिए विशाल भंडारा, भजिया-खीर-पुड़ी और भक्ति में झूमे शिवभक्त*
*परखंदा की बोल बम सेवा समिति ने निभाई शिवसेवा: कुसुमखुंटा में कांवरियों के लिए प्रसादी, DJ पर गूंजे बोल बम के जयकारे*
कुरूद-मगरलोड क्षेत्र के दर्जन भर गांवों के हजारों कांवरिए शामिल, महिलाओं ने भी दिया सहयोग
*कुरूद.* सावन के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। बोल बम सेवा समिति ग्राम परखंदा के तत्वावधान में ग्राम कुसुमखुंटा (मगरलोड) में महानदी के उद्गम स्थल श्रृंगी ऋषि सिहावा पर्वत से पवित्र जल लेकर आ रहे बोल बम कांवरियों के लिए विशाल सेवा एवं प्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया।
सोमवार सुबह से ही कुसुमखुंटा का मुख्य मार्ग बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। सिहावा धाम से जल लेकर लौट रहे कांवरियों का समिति के सदस्यों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांवरियों के लिए मिर्च भजिया, गरमा-गरम खीर-पुड़ी, केला सहित शीतल पेय एवं फल प्रसादी के रूप में वितरित की गई। लंबी पैदल यात्रा से थके कांवरियों ने प्रसादी ग्रहण कर समिति की सेवा की सराहना की।
समिति द्वारा कांवरियों के मनोरंजन एवं भक्ति भाव को बनाए रखने के लिए विशेष रूप से डीजे साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई थी। भक्तिमय शिव भजनों और "बोल बम-बोल बम, हर हर महादेव" के उद्घोष के साथ पूरा वातावरण शिवमय हो गया। डीजे की धुन पर कांवरिए झूमते-नाचते हुए आगे बढ़े, जिससे एक मेले जैसा दृश्य बन गया।
गौरतलब है कि इस सेवा शिविर में कुरूद एवं मगरलोड अंचल के ग्राम मेघा, गाडाडीह, उमरदा, बानगर, बगौद, कन्हारपुरी, कुरूद, चर्रा, चरमुडिया, छिपली, लुगे, कमरौद, मंदरौद सहित आसपास के दर्जनों गांवों से आने वाले सैकड़ों बोल बम कांवरियों ने प्रसादी ग्रहण की।
*महिलाओं ने भी निभाई अहम भूमिका*
इस वर्ष के आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि ग्राम कुसुमखुंटा की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दी। महिलाओं ने प्रसादी बनाने से लेकर वितरण तक में समिति का हाथ बंटाया और जोरदार सेवा प्रदान की। समिति ने इसके लिए सभी मातृशक्तियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बोल बम सेवा समिति परखंदा के अध्यक्ष मोहित साहू के नेतृत्व में उपाध्यक्ष उमेश साहू मास्टर, अभिषेक वर्मा सहित सदस्य सुरेन्द्र साहू, मोनू साहू, गीतेश्वर दास, हिमाचल साहू, दुर्गेश यादव, चंपू निर्मल, लक्ष्मी साहू, शशी निर्मलकर, राजा, सीताराम, मोहित पटेल, उमेश यादव, परमानंद निषाद, मनीष निषाद, मनीष साहू, मयंक वैष्णव, दिवाकर कोसारिया, भोज साहू, नागेश निर्मल, देवेंद्र साहू, विवेक वैष्णव, सुनील सिन्हा, दादू, सनत, मोनू, छोटू, रूपराम, उग्गू रजक, दीपक, वीरेंद्र साहू, अक्षय, प्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में समिति ने सभी कांवरियों की मंगलमय यात्रा की कामना की।
