Ad Code

Responsive Advertisement

*घर का बुझा चिराग, 15 दिन बाद भी आरोपी फरार: सांकरा में कार की टक्कर से मासूम किरण की मौत, पुलिस के हाथ खाली, ग्रामीणों में उबाल*


राजिम-नवापारा मार्ग पर 15 सितंबर की रात तेज रफ्तार कार ने 9 बजे सहेली के घर जा रही 15 वर्षीय किशोरी को कुचला, मौके पर ही हुई मौत, वाहन चालक फरार, पीड़ित मां बोली- मेरी बेटी को इंसाफ दो


अंचल के ग्राम सांकरा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कार की चपेट में आने से 15 वर्षीय मासूम किरण विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस की इस नाकामी से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है और खाकी वर्दी पर सवाल उठने लगे हैं।


*क्या है पूरा मामला -*


जानकारी के अनुसार घटना 15 सितंबर की रात करीब 9 बजे की है। ग्राम सांकरा निवासी 15 वर्षीय किरण विश्वकर्मा अपने घर से सहेली के घर सोने के लिए जा रही थी। इसी दौरान राजिम-नवापारा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि किरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।


घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घर का चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


*15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली -*


इस मामले में सबसे बड़ी लापरवाही पुलिस की सामने आ रही है। घटना को 15 दिन हो चुके हैं, लेकिन मगरलोड पुलिस ना तो वाहन का पता लगा पाई है और ना ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर पाई है। पुलिस कार्रवाई नहीं होने से गांव के लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने सख्ती दिखाई होती तो आज आरोपी सलाखों के पीछे होता। कई ग्रामीण तो दबी जुबान से पुलिस और वाहन चालक के बीच सांठगांठ की आशंका भी जता रहे हैं, जिससे पुलिस पर से लोगों का विश्वास उठता जा रहा है।


*मां ने लगाई इंसाफ की गुहार -*


मृतिका किरण की मां रुखमणी विश्वकर्मा ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी बेटी के गुनहगार को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जाए। मां का कहना है कि 15 दिन से वह थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन उसे सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।


*पुलिस का दावा - जांच जारी है -*


वहीं इस पूरे मामले में मगरलोड थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं और जांच जारी है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


लेकिन सवाल यह उठता है कि जब पुलिस के पास सीसीटीवी जैसे साक्ष्य हैं, तो 15 दिनों में आरोपी अब तक फरार कैसे है? बता दें कि मगरलोड क्षेत्र की सड़कों पर पुलिस की मुस्तैदी कम होने से तेज रफ्तार वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते आए दिन इस तरह के जानलेवा हादसे सामने आ रहे हैं।

Ad Code

Responsive Advertisement