शासकीय माध्यमिक शाला कपालफोड़ी के कक्षा 8वीं के छात्र ने अपने हुनर से जीता निर्णायकों का दिल, शिक्षकों के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से मिली सफलता, जिला स्तर के लिए हुआ चयन
मगरलोड। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन आज मगरलोड में किया गया। इस प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में शासकीय माध्यमिक शाला कपालफोड़ी में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत छात्र रामानुज साहू पिता ऋषि साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रामानुज ने अपनी पेंटिंग में रंगों के संयोजन, कल्पनाशीलता और विषय की गहरी समझ का परिचय दिया, जिसने निर्णायकों को काफी प्रभावित किया।
बताया जा रहा है कि रामानुज शुरू से ही चित्रकला में काफी रुचि रखता है। उसने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, लगन और विद्यालय के शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन को दिया है। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि रामानुज पढ़ाई के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी हमेशा आगे रहता है।
रामानुज की इस उपलब्धि पर शाला परिवार में हर्ष का माहौल है। प्रधान पाठक सहित समस्त शिक्षकों ने रामानुज को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने कहा कि रामानुज ने न केवल अपने माता-पिता का बल्कि पूरे कपालफोड़ी शाला का नाम ब्लॉक स्तर पर रोशन किया है।
वहीं अब प्रथम स्थान हासिल करने के बाद रामानुज का चयन जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए हो गया है। विद्यालय परिवार द्वारा उसे जिला स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और बेहतरीन तैयारी कराई जा रही है, ताकि वह जिले में भी मगरलोड ब्लॉक का नाम रोशन कर सके।

