Ad Code

Responsive Advertisement

11 दिनों तक घर-आंगन में विराजे गजानन, पूजा-अर्चना के बाद पूरे गांव में निकली शोभायात्रा, विसर्जन में उमड़े ग्रामीण


*मगरलोड/* मगरलोड विकासखंड के ग्राम धौराभाठा में गणेश उत्सव का समापन भावपूर्ण माहौल में हुआ। ग्राम के विनोद कुमार साहू, यामनी साहू, फुलेश्वरी साहू, राव्या साहू, चेमन लाल साहू एवं उनके सभी साथियों द्वारा अपने घर में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का आज धूमधाम से विसर्जन किया गया।



परिवार के सदस्यों ने बताया कि गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर उन्होंने अपने घर में गणपति बप्पा की स्थापना की थी। पिछले 10 दिनों से घर में गणपति विराजे हुए थे। रोज सुबह-शाम परिवार और आसपास के साथियों द्वारा आरती, पूजन और प्रसाद वितरण किया जाता रहा। इस दौरान घर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और आसपास के लोग भी दर्शन के लिए पहुंचते रहे।



आज विसर्जन के अवसर पर परिवार द्वारा सबसे पहले विधि-विधान से हवन-पूजन और आरती की गई। इसके बाद गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में परिवार के सभी सदस्य, बच्चे, महिलाएं और आसपास के साथी शामिल हुए। सभी ने नाचते-गाते हुए बप्पा को पूरे गांव में भ्रमण कराया।


इस दौरान सभी की आंखें नम थीं, लेकिन चेहरे पर अगले साल फिर से बप्पा के आने की उम्मीद भी थी। "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के जयघोष से पूरा गांव गूंज उठा। अंत में गांव के समीप स्थित जलाशय में भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।


परिवार ने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। विसर्जन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Ad Code

Responsive Advertisement