*मगरलोड/दमकाडिही। मगरलोड विकासखंड के ग्राम दमकाडिही में जय गणेश उत्सव शीतल समिति द्वारा स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का दिन शुक्रवार को विधि-विधान के साथ भव्य विसर्जन किया गया। सुबह से ही गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा।
समिति के सदस्यों ने बताया कि 10 दिन पूर्व गणेश चतुर्थी के अवसर पर शीतल समिति द्वारा गांव में गणपति बप्पा की स्थापना की गई थी। इन 10 दिनों तक प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव के बच्चों, महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आज विसर्जन के दिन दोपहर बाद समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। डीजे, ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा को पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। युवा टोलियों ने नाचते-गाते हुए बप्पा को विदाई दी।
शोभायात्रा के बाद समिति द्वारा निकट के जलाशय में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन स्थल पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने बप्पा से गांव में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जय गणेश उत्सव शीतल समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्यगण सहित ग्राम सरपंच, पंचगण और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। समिति ने विसर्जन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए सभी ग्रामीणों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
